Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में आधी रात को UP पुलिस पर हमला:युवती को लेने आई टीम पर पथराव, गाड़ी तोड़ी; रिटायर्ड ESI की मौत, 2 घायल

रोहतक में शनिवार देर रात को हाथरस की युवती को लेने आई यूपी पुलिस की टीम पर कॉलोनीवासियों ने हमला कर दिया। पथराव के दौरान एक सिपाही व महिला घायल हो गई। वहीं, बचने के लिए जब यूपी पुलिस ने गाड़ी को भगाया तो एक रिटायर्ड ईएसआई को टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई। मामले में स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि राजीव नगर निवासी प्रियम पंजाब के जीरकपुर में रहता था और सोशल मीडिया पर उसका संपर्क हाथरस यूपी की अंजलि के साथ हुआ। मई माह में दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। अंजलि के पिता बलबीर सिंह व भाई यूपी पुलिस में तैनात हैं। अंजलि के पिता ने फिरोजाबाद के थाने में प्रियम पर अंजलि का अपहरण करने का केस दर्ज करवा रखा है।

प्रियम व अंजलि ने पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में अर्जी दायर करते हुए सुरक्षा की मांग की थी, जिसके बाद मोहाली एसपी को सुरक्षा देने के आदेश दिए गए। वहीं, अंजलि के पिता ने इलाहबाद हाईकोर्ट में इस फैसले को रद्द करने की याचिका लगाई, लेकिन इलाहबाद हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर स्टे ऑर्डर दे दिया, जिसके कारण अंजलि के पिता व भाई को निराशा हुई।

शनिवार रात को जब यूपी पुलिस अंजलि को लेने के लिए राजीव नगर आई। यूपी पुलिस ने कहा कि अंजलि के बयान कोर्ट में दर्ज करवाने हैं और प्रियम पर अपहरण का आरोप है, इसलिए उसे भी साथ लेकर जाएंगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया। उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि यूपी से आई पुलिस की प्राइवेट गाड़ी की टक्कर लगने से रिटायर ईएसआई तिलकराज की मौत हुई है। जबकि पुलिस इसे हार्ट अटैक बता रही है। मौत का असल कारण क्या रहा, यह तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। रोहतक पुलिस मामले में जांच कर रही है।

डीएसपी गुलाब सिंह ने बताया कि अपहरण के केस में यूपी पुलिस रोहतक आई थी और युगल को अपने साथ लेकर जाना चाहती थी। इसी बात को लेकर हंगामा हो गया। इसी बीच रोहतक पुलिस के रिटायर ईएसआई की मौत हो गई, जो गाड़ी की टक्कर लगने से बताई जा रही है। इस मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि मौत कैसे हुई है। वहीं, यूपी पुलिस का एक जवान भी घायल है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

Exit mobile version