हरियाणा के रोहतक जिले में हुक्का पीते वक्त विवाद के बाद युवक से मारपीट करके गोली चलाने वाले चारों दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि युवक ने उनमें से एक को अपने घर में हुक्का पीते वक्त विवाद के बाद थप्पड़ जड़ दिया था, इसी का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। चारों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
रोहतक के गांव सुनारियां कला में गत शनिवार को युवक रवि के यहां बिनदर व नवीन हुक्का पीने आए थे। यहां कहासुनी के बाद बिनदर व नवीन रवि के घर से चले गए। लेकिन शाम को जब रवि गांव में दुकान से लौट रहा था तो उसके घर के नीचे ही गली में बिनदर, नवीन व उनके दो साथी अंकित उर्फ मास व आशीष उर्फ मूससा आए गए।
चारों ने उसे पकड़ लिया और लात घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। उसने शोर मचाया तो घर से परिजन निकल कर बाहर आए। इस पर आरोपी अंकित उर्फ मास ने अपनी जेब से तमंचा निकालकर हवाई फायर कर दिया। इसके बाद चारों आरोपी भाग गए।
मारपीट के बाद आरोपियों की हवाई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई थी। लोगों ने पुलिस को सूचित कर दिया था। अब पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि रवि का व्यवहार अपने घर में उनके प्रति अच्छा नहीं था। उसने हम पर हाथ उठाया था। इसी का बदला लेने के लिए उससे मारपीट की। अपने बचाव के लिए हवाई फायर किया।
