भिवानी में बुधवार दोपहर को एक छात्रा संदिग्ध परिस्थतियों में कॉलेज की छत से गिर गई। उसकी हालत गंभीर है और डॉक्टरों ने रोहतक पीजीआई रेफर किया, जिसके बाद परिजन उसे हिसार के निजी अस्पताल में ले गए।फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की छानबीन जारी है। हादसे को लेकर न तो कॉलेज स्टाफ और न ही छात्रा के परिजन कुछ जानकारी दे पा रहे हैं। घटना अभी पहेली बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार भिवानी बापोड़ा निवासी छात्रा मोनिका शहर के राजीव गांधी राजकीय कॉलेज में B.sc प्रथम वर्ष में पढ़ रही है। बुधवार काे वह सेकेंड सेमेस्टर का परीक्षा देने कॉलेज आई थी। दोपहर 12 बजे के करीब छात्रा ने कॉलेज के फर्स्ट फ्लोर से गिर गई। वह कॉलेज परिसर में गिरी तो हडकंप मच गया। कहा जा रहा है कि छात्रा खिड़की से नीचे गिरी है।छात्रा के नीचे गिरने की सूचना के बाद कॉलेज प्राचार्य डा. सुधीर शर्मा व स्टाफ के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। छात्रा के परिजनों को सूचना दी गई, साथ ही उसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया। प्रिंसिपल ने बताया कि छात्रा के नीचे गिरने की सूचना मिली थी। छात्रा किसी हादसे का शिकार हुई है या उसने छलांग लगाई, इसको लेकर अभी कुछ नहीं कह सकते हैं।
छात्रा के गिरने की सूचना के बाद उसके परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजन मोनिका को लेकर हिसार गए हैं। चाचा ने बताया कि मोनिका न बीमार थी और न ही किसी प्रकार के तनाव में। मोनिका के गिरने की घटना फ़िलहाल सभी के लिए पहेली बनी हुई है। छात्रा का जबड़ा टूट गया है।
