भिवानी जिले के गांव बड़वा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव गांव खानक में एक दुकान के पीछे पड़ा मिला। परिजनों ने रंजिश के चलते हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता रामधारी ने तोशाम थाने में दी शिकायत में बताया कि उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा विजय कुमार (28) था। विजय पिछले करीब 10 महीनों से ड्राइविंग के साथ-साथ हाइड्रा मशीन चलाने का काम करता था।
रामधारी के अनुसार, उन्हें उनके रिश्तेदार गांव पिंजोखरा निवासी प्यारेलाल ने फोन पर सूचना दी कि विजय की गांव खानक में छत से गिरकर मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर विजय का शव कैलाश नामक व्यक्ति की दुकान के पीछे पड़ा मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि विजय के शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिवार का आरोप है कि गांव छपार जोगियान निवासी विनीत कुमार और गांव धारवाणवास निवासी दिलबाग ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते विजय की हत्या की है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की है।
तोशाम थाना के एसएचओ महाबीर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। मृतक के पिता की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
