जम्मू में स्कूटी से जा रहे बुजुर्ग को जानबूझकर टक्कर मारने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है एक थार सवार जानबूझकर बुजुर्ग को दो बार टक्कर मार रहा हैI घटना रविवार (27 जुलाई) दोपहर करीब 1:30 बजे गांधीनगर से ग्रीनबेल्ट पार्क की ओर जा रही सड़क पर हुई। घटना के बाद राहगीरों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार जम्मू शहर के गांधी नगर स्थित ग्रीन बेल्ट इलाके से य़ह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तेज रफ्तार महिंद्रा थार (नंबर जेके02डीपी-9594) ने 65 वर्षीय बुजुर्ग कमल कांत दत्ता को स्कूटी (जेके02बीएस-6435) सहित टक्कर मार दी।
हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका, बल्कि कुछ दूरी पर जाकर थार को रिवर्स गियर में पीछे लाया और सड़क पर गिरे कमल कांत को जानबूझकर रौंदने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल कमल कांत ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
कमल कांत दत्ता, जोकि गांधी नगर के निवासी और व्यवसायी हैं, को राहगीरों ने जीएमसी जम्मू पहुंचाया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। परिजनों के अनुसार वे कोमा में हैं और हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
परिवार ने गांधी नगर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जीएमसी अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का कहना है कि वारदात के बावजूद पुलिस पहले सक्रिय नहीं हुई। बाद में जब सीसीटीवी फुटेज सामने आए, तब जाकर पुलिस ने हरकत में आकर मामला दर्ज किया।
कमल कांत दत्ता के बेटे ने बताया कि उनकी किसी से भी कोई पुरानी रंजिश नहीं है। जिस थार चालक ने उसके पिता को रौंदने की कोशिश की उन्हें उनका परिवार नहीं जानता है। ऐसे व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार कर उस पर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। एसपी सिटी साउथ अजय शर्मा ने बताया कि घटना में शामिल थार गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। थार के मालिक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है, जबकि चालक अभी भी फरार है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से ड्राइविंग), 109 (हत्या की कोशिश) और 125(A) (मानव जीवन को खतरे में डालना) के तहत FIR दर्ज की है और वाहन जब्त कर लिया है।
