हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कस्बा बावल में गांव बिदावास के पास तेज रफ्तार टेंपों ने पैदल युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के गांव बिदावास निवासी सुरेश कुमार (28) गांव अलावलपुर रोड पर पड़ने वाले अपने खेत में काम करने के लिए गया था। साथ में उसके ताऊ का लड़का राजकुमार भी गया था। दोनों खेत से काम करने के बाद वापस पैदल अपने घर की तरफ आ रहे थे।

टेंपो ने मारी जोरदार टक्कर बताया जा रहा है कि सुरेश कुमार आगे चल रहा था और करीब 20 फीट पीछे उसका भाई राजकुमार चल रहा था। इसी दौरान गांव बिदावास की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टेंपों ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे चल रहे राजकुमार ने उसे संभाला। इस दौरान आरोपी टेंपो चालक वाहन सहित फरार हो गया।

हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल सुरेश कुमार को राजकुमार किसी के वाहन का इंतजाम करके तुरंत बावल स्थित सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस पहले मौके पर पहुंची और अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही राजकुमार की शिकायत पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। राजकुमार ने बताया कि उनके भाई सुरेश कुमार अपने पीछे एक लड़का और लड़की छोड़ गया। उसकी मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!