हरियाणा के हांसी के नारनौंद में गांव पाली हिसार से गुजर रही हिसार मेजर डिस्ट्रीब्यूटर नहर टूट गई। सुबह किसान वहां पहुंचे तो, उन्हें इसके बारे में पता लगा। वहीं नहर के टूटने से आसपास के खेतों में खड़ी धान की फसल जलमग्न हो गई है। नहर टूटने का कारण अभी पता नही चला है। नहर का करीब 50 फीट का हिस्सा टूट गया।
प्रशासन द्वारा नहर के टूटे हुए हिस्से को ठीक कराने का काम किया जा रहा है। राजथल हेड से पानी बंद करवाया गया है। इसके बाद से इसमें पानी का लेवल डाउन हो गया है। सुबह करीब 5 बजे यह नहर टूटी। नहर 55000 आरडी लेफ्ट पर टूटी। इसके टूटने से आस पास के करीब 90 एकड़ खेतों मे पानी चला गया है।

सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के जेई व अन्य अधिकारी भी वहां पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक वहां पर टूटे हुए हिस्से को ठीक करने का काम चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्दी ही इसे ठीक कर दिया जाएगा। विभाग के अनुसार पानी से अभी तक नुकसान की ज्यादा संभावना नही है।
