रोहतक, 6 अगस्त। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
सचिन गुप्ता ने आज अपने कैम्प कार्यालय में आयोजित जिला शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा, सभी खंड शिक्षा अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में सुधार लाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग, नवाचार आधारित शिक्षण तथा प्रभावी शैक्षणिक वातावरण विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय की जाए।
बैठक में निपुण हरियाणा मिशन की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिला में निपुण रीडिंग क्लब का गठन किया गया है तथा प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों में पढऩे की आदत विकसित करने के लिए प्रतिदिन पुस्तकालय पठन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके साथ-साथ राज्य स्तर पर प्रशिक्षित किए गए की-रिसोर्स पर्सन्स (केआरपी) के माध्यम से अगस्त एवं सितंबर माह में जिला स्तर पर शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता में और अधिक सुधार लाया जा सके। बैठक में निपुण रीडर्स चैलेंज  की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने उपायुक्त सचिन गुप्ता को अवगत कराया कि जिला के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों में पढऩे की रुचि विकसित करने तथा उनकी भाषा दक्षता एवं पठन क्षमता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चरणबद्ध रूप से निपुण रीडर्स चैलेंज संचालित किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों का उनकी पठन क्षमता के आधार पर विभिन्न स्तरों—इमर्जिंग, डेवलपिंग, फ्लुएंट, एडवांस्ड तथा चैंपियन रीडर—में मूल्यांकन किया जाएगा तथा प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति का नियमित रिकॉर्ड रखा जाएगा। विद्यालय स्तर पर शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप पठन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा निरंतर मार्गदर्शन एवं मूल्यांकन के माध्यम से उन्हें उच्च स्तर तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।
सचिन गुप्ता ने कहा कि पढ़ने की आदत विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं भाषाई विकास की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा विद्यालयों में ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जिससे बच्चे आनंद के साथ पढ़ने की आदत विकसित करें। उन्होंने कहा कि निपुण हरियाणा मिशन के उद्देश्यों की प्राप्ति में यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैठक में प्रोजेक्ट विश्वास की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों में कक्षा सहभागिता, संचार कौशल, सीखने की क्षमता, नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता तथा जीवन कौशल विकसित करने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विभिन्न विकास खंडों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन का विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि परियोजना के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा आगामी चरण में संचार कौशल एवं लर्निंग रेजिलिएंस को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक बोलने, प्रश्न पूछने, समूह चर्चा में भाग लेने तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि गतिविधि आधारित शिक्षण, नियमित कक्षा अवलोकन तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जाए। बैठक में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी पात्र विद्यालयों में योजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा है तथा विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उपायुक्त ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मैथमेटिक्स ओलंपियाड, सुपर-40 आईआईटी-जेईई एवं नीट कार्यक्रम, टीचर्स ऐज इनोवेटर्स, विद्यालय प्रबंधन समितियों की गतिविधियां, एक पेड़ मां के नाम अभियान, अपार आईडी निर्माण, एनएसक्यूएफ कार्यक्रम तथा समग्र शिक्षा के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों एवं आधारभूत ढांचे के विकास की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रत्येक प्रयास का अंतिम उद्देश्य विद्यार्थियों का समग्र विकास और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें, योजनाओं की प्रगति की सतत समीक्षा करें तथा राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, डीईईओ बिजेंद्र हुड्डा, डाइट की प्राचार्या रितु पंघाल, सीएमजीजीए तनुमय दत्ता, डीपीसी सुमन हुड्डा, बीईओ अशोक नांदल, संजय हुड्डा, दीपक अरोड़ा, एफएलएन कॉर्डिनेटर रूपांशी हुड्डा, एपीसी मनोज सुहाग व एसडीई अनिल दूहन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!