ऐलनाबाद में इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला के एक बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बैनिवाल पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उनके बेटे सुमित बैनिवाल ने वीडियो जारी कर करारा पलटवार किया। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बैनिवाल ने भी विधायक भरत सिंह का समर्थन करते हुए इनेलो पर निशाना साधा।

रविवार को ऐलनाबाद दौरे के दौरान अभय चौटाला ने भरत सिंह बैनिवाल की कार्यशैली और विधानसभा में उनकी भूमिका पर टिप्पणी करते हुए तीखी भाषा का इस्तेमाल किया। इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर समर्थकों और विरोधियों के बीच बहस शुरू हो गई।

सुमित बैनिवाल ने कहा कि अभय चौटाला ने बेहद निम्न स्तर की भाषा का प्रयोग किया है। उनका आरोप है कि इसी अहंकार और भाषाशैली के कारण इनेलो 85 सीटों से सिमटकर दो सीटों तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद की जनता पहले ही चुनाव में अभय चौटाला को 15 हजार से ज्यादा वोटों से हराकर जवाब दे चुकी है।

सुमित ने अभय चौटाला को जुबान पर संयम रखने की नसीहत देते हुए कहा कि लोकतंत्र में आलोचना की जा सकती है, लेकिन असभ्य भाषा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभय चौटाला पिछले दो वर्षों में क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में शामिल नहीं हुए और अब केवल राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए हलके में पहुंच रहे हैं।

वीडियो में सुमित बैनिवाल ने यह भी आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान इनेलो ने भाजपा को अप्रत्यक्ष फायदा पहुंचाया। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ जानती है और भविष्य में भी इसी तरह की राजनीति का जवाब देगी।

उधर, अभय चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम किया और विधायक न होने के बावजूद भी गांवों के लिए करोड़ों रुपये की राशि उपलब्ध कराई। उन्होंने भरत सिंह बैनिवाल की विधानसभा में सक्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति चार लोगों के बीच अपनी बात नहीं रख सकता, वह जनता की आवाज कैसे उठाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद ऐलनाबाद की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। सोशल मीडिया पर भी दोनों नेताओं के समर्थक आमने-सामने हैं और मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!