हरियाणा (Haryana) के रेवाड़ी (Rewari) जिले में शादी से ठीक एक दिन पहले रेप का आरोप झेलने वाले युवक ने आत्महत्या कर ली है। उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है जानकारी के मुताबिक, गांव गंगायचा जाट निवासी कुलदीप की 18 जुलाई को शादी होनी थी। शादी से ठीक एक दिन पहले 17 जुलाई को एक युवती ने उस पर सगाई करके शादी नहीं करने व दुष्कर्म करने का केस दर्ज करा दिया। इस वजह से वह परेशान चल रहा था। 25 जुलाई की रात उसने इसी परेशानी के चलते घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
गंभीर हालत के चलते उसे रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया गया था। यहां मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कुलदीप के पिता ईश्वर ने पुलिस को दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि कुलदीप की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती व कुछ अन्य लोगों को ठहराया है। ईश्वर ने बताया है कि उसके बेटे और आरोप लगाने वाली युवती की दोस्ती थी। इसी के चलते उसकी सगाई की गई थी। वह उसके बेटे से SBI में नौकरी लगवाने के नाम पर 25 लाख रुपए भी ले चुकी थी। उसे बैंक का फर्जी आई-कार्ड भी दिया था। बाद में पता चला कि यह युवती शातिर है और नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से पैसे लेती है। जब हमने पैसे मांगे तो वह धमकाने लगी।
उसने बेटे को केस में फंसाने की धमकी दी थी। आखिरकार युवती ने 17 जुलाई को कुलदीप के खिलाफ केस भी दर्ज करा दिया। जिसके बाद से ही कुलदीप परेशान चल रहा था और उसने जान दे दी। सदर थाना पुलिस ने युवती के अलावा तीन अन्य लोगों पर केस दर्ज किया है।
