सोनीपत में लव मैरिज के एक महीने बाद युवक के सुसाइड मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक युवती का भाई टोकी मनोली निवासी मोनू है और दूसरा रतनगढ़ निवासी चीकू है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। कुंडली थाना पुलिस ने मृतक विपिन के पिता हजारीलाल की शिकायत पर युवती, उसके भाई और अन्य परिजनों समेत 13 के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी।
भैरा बांकीपुर गांव का विपिन कुमार (22) दूध की डेयरी चलाता था। उसका पड़ोस के गांव टोकी मनोली निवासी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने 17 अगस्त को घर भागकर दिल्ली के आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद दोनों ने दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में भी विवाह किया। लेकिन युवती के परिजन प्रेम विवाह के खिलाफ थे और धमकी दे रहे थे।
बहला फुसलाकर बेटी को घर ले गए परिजन
युवती के परिजन 15 सितंबर को विपिन के घर आए और प्रेम विवाह को स्वीकार करने की बात कहते हुए युवती को साथ ले गए। इसके बाद युवती की तरफ से थाना कुंडली मे विपिन के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी गई। वह विपिन पर तलाक देने का दबाव बना रहे थे, जबकि विपिन अपनी पत्नी को लेकर आना चाहता था।
कुंडली थाना पुलिस ने 22 सितंबर को दोनों पक्षों को बातचीत करने के लिए थाने बुलाया था। वहां पर कई घंटे की मीटिंग के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। थाना परिसर में ही अंजली के परिवार के लोगों ने विपिन को धमकी दी थी। इससे परेशान विपिन थाने से अपनी ईको कार लेकर चला गया था। शाम को 6 बजे सूचना मिली कि विपिन का शव अंजली के घर के पास खेतों में एक पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ है। कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
इन पर हुआ विपिन की आत्महत्या का केस दर्ज
विपिन के पिता ने अंजली, उसके पिता रामसेठ, अंजली की माता, उसके जीजा, भाई सोनू और मोनू, मामा के लड़के आकाश के साथ ही गांव के लोगों मंगलवंद, कल्लू, पप्पू, लखपत, श्यामसिंह और सचिन पर धमकी देने, परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाकर पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है।
