उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ हाईवे पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे हरियाणा के श्रद्धालुओं की कार पर पहाड़ी से अचानक एक विशाल बोल्डर आ गिरा। इस भयावह हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक पुरुष और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह दर्दनाक हादसा सोमवार दोपहर बद्रीनाथ हाईवे पर जोशीमठ क्षेत्र के पातालगंगा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार फतेहाबाद के बाबा शू हाउस के मालिक बजरंग लाल गर्ग के बड़े बेटे अंकित गर्ग (40) अपनी पत्नी शिल्पा (36) और बेटी ख्वाहिश (10) के साथ बलेनो कार में सवार होकर बद्रीनाथ धाम के दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद तीनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पाताल गंगा के पास पहाड़ से पत्थर टूटकर उनकी कार पर आ गिरा। जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में शिल्पा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकित व उनकी बेटी ख्वाहिश घायल हो गए। ख्वाहिश की टांग टूटी है, जबकि अंकित को भी शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, इस समय अंकित गर्ग की बेटी ख्वाहिश के स्कूल की गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। इसी कारण अंकित और शिल्पा ने बेटी के साथ उत्तराखंड घूमने का प्लान बनाया था। इसी के तहत बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर जाने की प्लानिंग की गई। पांच दिन के टूर पर निकले थे। 25 जून को वापस फतेहाबाद आना था। मगर इससे पहले ही रविवार की दोपहर यह हादसा हो गया।

अंकित गर्ग के परिवार का संन्यास आश्रम रोड पर जूतों का होलसेल बिक्री का काम है। परिवार ऑफिसर कॉलोनी में रहता है। अंकित अपने पिता बजरंग लाल के साथ इसी कारोबार में साथ देते थे। बजरंग लाल के तीन बेटे हैं, जिनमें अंकित सबसे बड़े हैं। वहीं, दो और भाई विक्की और मिंकू हैं। हादसे की सूचना परिवार को सोमवार को ही मिली। इसके बाद परिवार के प्रमुख सदस्य ऋषिकेश रवाना हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) पोस्ट जोशीमठ से निरीक्षक करण सिंह के नेतृत्व में एक टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। एसडीआरएफ टीम ने जिला पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। उन्होंने कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन दुर्भाग्यवश, तब तक कार सवार महिला की मौत हो चुकी थी। एसडीआरएफ ने बताया कि पहाड़ी से कार पर इतनी बड़ी चट्टान गिरी कि कार पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गई। रेस्क्यू ऑपरेशन में पाया गया कि एक बलेनो कार पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आ गई थी। कार में कुल तीन लोग सवार थे। गंभीर रूप से घायल एक पुरुष और एक बच्चे को तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतका के शव को जिला पुलिस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया गया।

यह घटना पहाड़ों में यात्रा करते समय भूस्खलन और पत्थर गिरने के खतरों को एक बार फिर उजागर करती है। अधिकारियों ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है। घायलों का इलाज जारी है और उम्मीद की जा रही है कि वे जल्द स्वस्थ होंगे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!