रोहतक, 23 मार्च। शहीदी दिवस के अवसर पर हरियाणा यूथ फाउंडेशन और शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के अध्यक्ष सुलभ गुगनानी की अगुवाई में लखीराम अनाथालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्धेश्य शहीदों के बलिदान को याद करना और समाज में सेवा व सहयोग की भावना को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर बच्चों के बीच खाद्य सामग्री वितरित की गई, जिससे उनके चेहरों पर खुशी की झलक साफ देखी जा सकती थी। यह आयोजन सिर्फ एक औपचारिकता नहीं थी, बल्कि समाज के उन बच्चों के साथ प्रेम और अपनापन बांटने का एक सुंदर प्रयास था, जो परिवार के स्नेह से वंचित हैं।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि शहीदों का बलिदान केवल किताबों में याद रखने के लिए नहीं, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए है। जब हम समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करते हैं, तब ही हम अपने वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें राजपाल देसवाल, संदीप ढल, अशोक गुलिया, गौरव बधवार, अंकित राणा, लक्षय बब्बर, कार्तिक देसवाल और निमेश शर्मा प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे संवाद किया और उनके साथ मिलकर इस विशेष दिन को और यादगार बनाया। यह कार्यक्रम हरियाणा यूथ फाउंडेशन और शहीद भगत सिंह ब्रिगेड की समाज सेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है और भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को जारी रखने की प्रेरणा देता है।
