हरियाणा के करनाल से बड़ी खबर सामने आई है। सरकारी अस्पताल के कैदी वार्ड से एक शातिर बदमाश के फरार होने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने कैदी वार्ड से हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे रोकने में नाकाम रहे। मामले को गंभीरता से लेते हुए करनाल के पुलिस अधीक्षक (SP) नरेंद्र बिजारनिया ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की।
इन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
SP द्वारा EHC संदीप, सिपाही प्रदीप, सुमित, गोवर्धन, अमित और अंकित को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है, वहीं विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
