हरियाणा के सहकारिता, जेल, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि सोनीपत में खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह कन्या मेडिकल कालेज (BPS) में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए वे खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व स्वास्थ्य मंत्री से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरन्तर सुधार के नजरिए से मेडिकल कालेज प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

डा. शर्मा आज बीपीएस मेडिकल कालेज पहुंचे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तकरीबन दो घंटे तक बैठक की। मेडिकल कालेज के संयुक्त निदेशक अजय हुड्डा, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ एपीएस बत्रा, यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ अतुल खांडेवाल मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ अस्पताल में प्रभावी तरीके से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को आपात वार्ड, शल्य वार्ड से लेकर उनके दाखिल रहने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने मेडिकल कालेज में लिफ्ट व्यवस्था से लेकर एक्सरे, एमआरआई व अन्य टेस्टों व ओपीडी को लेकर मरीजों को हो रही परेशानी को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।

पत्रकारों से बातचीत में डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि जल्द ही वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा करेंगे, ताकि खानपुर मेडिकल कालेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या में इजाफा हो सके। इससे पूर्व मंत्री डॉ अरविंद शर्मा का बीपीएस कन्या विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचने पर वाइस चांसलर प्रोफेसर सुदेश द्वारा स्वागत किया गया। उनके साथ भाजपा जिला कोषाध्यक्ष बलराम कौशिक, मंडल अध्यक्ष सुमित कक्कड़, अरुण निनानिया व अन्य उपस्थित रहे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!