सोनीपत: ढाबे पर खाने गए युवकों से मारपीट, बिल को लेकर हुआ झगड़ा
सोनीपत जिले के कुंडली में स्थित एक ढाबे पर खाना खाने पहुंचे युवकों और ढाबा कर्मचारियों के बीच बिल को लेकर हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद ढाबे के 20 से 30 कर्मचारियों ने मिलकर 3 युवकों के साथ मारपीट की, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने ढाबा मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के नरेला के रहने वाले अभिनव और पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे अपने साथी सागर के साथ कुंडली स्थित रसोई ढाबा पर खाना खाने गए थे। खाना खाने के बाद जब वे बिल चुकाने पहुंचे तो उन्होंने बिल में लगाए गए अतिरिक्त चार्ज को कम करने की बात कही।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बिल को लेकर बात करने पर काउंटर मैनेजर ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। इसी दौरान ढाबे के अन्य कर्मचारी भी वहां पहुंच गए और उनसे बहस करने लगे। कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ढाबे के करीब 20 से 30 कर्मचारियों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान डंडों और ढाबे में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों का भी इस्तेमाल किया गया। इस हमले में सागर नामक युवक को गंभीर चोटें आईं, जबकि अभिनव और पंकज भी घायल हो गए।
घटना के बाद घायल सागर को कुंडली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं अभिनव और पंकज का भी मेडिकल कराया गया। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास मौजूद है

पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद घायलों की मेडिकल रिपोर्ट हासिल की गई। अभिनव और पंकज की एमएलआर थाने में पेश की गई, जबकि सागर की मेडिकल रिपोर्ट अस्पताल से प्राप्त हुई। डॉक्टरों ने सागर की चोटों को गंभीर श्रेणी में माना है।
मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। थाना कुंडली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 190, 191(3), 115(2), 117(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि शिकायत पहले प्राप्त हो गई थी, लेकिन सीसीटीएनएस सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण मुकदमा बाद में दर्ज किया गया। अब मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
