भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट के परिवार ने रविवार को ढंढूर स्थित फार्म हाउस पर कुलदीप बिश्नोई को बुलाया है। सोनाली के परिवार कुलदीप का समर्थन कर सकता है। इससे पहले सुबह अफवाह उड़ी कि सीबीआई ने कुलदीप बिश्नोई को ढंढूर फार्म हाउस पर पूछताछ के लिए बुलाया है। क्योंकि सीबीआई अभी हिसार में हैं और कुलदीप से पूछताछ कर सकती है।
इस मामले में अब सामने आ रहा है कि परिवार ने ही कुलदीप बिश्नोई को चाय पर बुलाया था। जहां आगामी आदमपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए चर्चा हो सकती है। बता दे कि इससे पहले सोनाली का परिवार उसके मर्डर पर कुलदीप बिश्नोई पर शक जता चुके हैं। जीजा अमन पूनिया और बाकी परिवार के सदस्य बार- बार कुलदीप का नाम ले रहे थे। परंतु अब परिवार ने कुलदीप को बुलाकर उसे क्लीन चिट दे दी है।
सीबीआई की टीम शुक्रवार देर रात हिसार पहुंची थी और शनिवार को सोनाली के परिवारिक सदस्यों से घंटो बातचीत की और उनके बयान दर्ज किए। सोनाली की मां को भी टोहाना से बुलाकर फार्म हाउस पर उनके बयान दर्ज किए। परिवार रात को ढंढूर फार्म हाउस पर ही रूका।
टीम के सदस्यों ने सोनाली की बेटी यशोधरा से पूछा कि आखिरी बार सोनाली से कब बात हुई थी और क्या बात हुई थी?। इसके अलावा टीम के सदस्यों ने सोनाली की हत्या के मामले में किस-किस पर शक है इस बारे में भी पूछताछ की। वहीं, परिजनों ने सीबीआई टीम को सुधीर सांगवान के सोनाली के साथ जुड़ने से लेकर गोवा जाने तक जानकारी दी। सुधीर सांगवान का परिजनों के साथ क्या बर्ताव था इस बारे में भी जानकारी दी।
