हरियाणा की टिक-टॉक स्टार और BJP नेता सोनाली फोगाट मर्डर केस में आरोपी सुखविंदर को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि एक क्लब में रेव पार्टी के दौरान उसने कुछ यूट्यूबर्स से मारपीट करते हुए गोली मारने की धमकी दी। सेक्टर-50 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चरखी दादरी के मंडोला निवासी सुखविंदर और रोहतक के सेक्टर-72 निवासी गौरव तनेजा को गिरफ्तार कर लिया।
साल 2022 में 22-23 अगस्त की दरमियानी रात में सोनाली की गोवा के अंजुन बीच पर कर्लीज रेस्टोरेंट-क्लब में मौत हो गई थी। ड्रग्स की ओवरडोज मौत का कारण माना गया। उनके परिवार ने सोनाली के PA सुधीर सांगवान और उसके दोस्त सुखविंदर सिंह पर मर्डर के आरोप लगाए। CBI ने जांच के बाद दोनों के खिलाफ चार्जशीट पेश की। हालांकि 8 महीने बाद ही आरोपी जमानत पर बाहर आ गए।
सेक्टर-50 थाना पुलिस को दी शिकायत में यूट्यूबर सुनील यादव ने बताया कि 22 नवंबर को सुबह करीब 7:30 बजे वे अपने साथी पत्रकार मनु मेहता के साथ सेक्टर-49 में गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर स्थित ‘Ha Cha’ नामक शराब अहाते में कवरेज के लिए गए थे। उन्हें जानकारी मिली थी कि वहां तय समय के बाद भी शराब परोसी जा रही है और रेव पार्टी चल रही है। सुनील यादव के अनुसार, जब वे कवरेज करने गए तो वहां मौजूद कुछ लोगों और बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट की, उनके यूट्यूब चैनल की आईडी छीन ली, गोली मारने की धमकी दी और पत्थर मारकर उनकी गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया।
सेक्टर 50 थाना के SHO सुखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए सोमवार को सुखविंदर और गौरव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे शराब अहाते में पार्टी करने आए थे और यूट्यूबर व पत्रकार द्वारा वीडियो बनाए जाने से गुस्सा होकर उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया।
SHO ने बताया कि 22 नवंबर को शराब अहाते के मैनेजर सोनू कुमार और 2 बाउंसर, आनंद एवं ललित, सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मंगलवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
