रोहतक, 4 जून : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिये कि वे समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों का तुरंत उचित निपटारा करें। सभी अधिकारी शुक्रवार को हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में उपस्थिति सुनिश्चित करें। नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाये।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुन रहे थे। इस अवसर पर सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, नगराधीश शुभम, पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह भी मौजूद रहे। सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा हर सोमवार व वीरवार को जिला मुख्यालय तथा उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का हल किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य सभी विभागों से संबंधित समस्याओं का एक छत के नीचे समयबद्ध उचित निदान करना है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि अधिकारी समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इन शिकायतों का समयबद्ध उचित निपटारा करवाना सुनिश्चित करें। अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद अवश्य करें तथा उन्हें विभागीय कार्यवाही से अवगत करवाकर संतुष्ट करें ताकि इन समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी रि-ओपन हुई शिकायतों का तुरंत निपटारा करवाये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए कृतसंकल्प है। नागरिकों का फीडबैक लेने के लिए जिला में कॉलिंग सेल स्थापित किया गया है।
बॉक्स :-
जिला मुख्यालय के अलावा सांपला व महम उपमंडल मुख्यालयों पर आयोजित किये गए समाधान शिविर :-
सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय सहित सांपला व महम उपमंडल मुख्यालयों पर भी समाधान शिविर आयोजित किये गए। इन शिविरों में उच्च अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध उचित निपटारे के निर्देश दिये।
जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में डीएमसी जितेंद्र सिंह, परिवहन डिपो के महाप्रबंधक नवीन कुमार, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल, जिला सांख्यिकी अधिकारी नवदीप खत्री, जिला सैनिक व अर्धसैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग, एलडीएम महाबीर प्रसाद सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी एवं भाजपा के प्रतिनिधियों में सतीश चौधरी तथा डॉ. अंकुश बिड्डू मौजूद रहे।
