रोहतक। गांव मायना निवासी एक फौजी की डाक कांवड़ यात्रा के दौरान हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फौजी कांवड़ लेकर लौट रहे थे, इसी दौरान मुजफ्फरनगर के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
साथ चल रहे कांवड़ियों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए रोहतक लाया। यहां PGI में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
फौजी की मौत की खबर मिलते ही गांव मायना में शोक की लहर दौड़ गई। आज शाम को गांव में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार और ग्रामीणों ने नम आंखों से फौजी को अंतिम विदाई दी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 30 वर्षीय सचिन पंघाल के रूप में हुई है। वह आर्मी में तैनात थे और उनकी पोस्टिंग मेघालय के शिलांग में थी। सचिन पंघाल फौज से 25 जुलाई को छुट्टी लेकर घर आए थे और उन्हें 22 अगस्त को वापस जाना था।
इसी दौरान दोस्तों के साथ डाक कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार चले गए। कांवड़ लाते समय रात को मुज्जफरनगर के पास दौड़ते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद वह गाड़ी में ले गए। जब वह नहीं उठे तो उन्हें रोहतक के पीजीआईएमस में लाया गया।
जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मामला हार्ट अटैक से जुड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया है।
