बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई, जबकि एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर हेमासर फांटे के पास सिजराल होटल के निकट दोपहर करीब दो बजे हुआ, जहां एक कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने पर एपीजे अब्दुल कलाम एंबुलेंस सेवा की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व पुलिस की सहायता से घायलों तथा शवों को बाहर निकाला। मृतकों के शवों को श्रीडूंगरगढ़ उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक के अनुसार, हरियाणा नंबर की कार में कुल सात लोग सवार थे। सभी लोग हरियाणा के फतेहाबाद जिले के निवासी थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे। परिवार के सदस्य बीकानेर जिले के मुकाम स्थित बिश्नोई समाज के आराध्य गुरु जम्भेश्वर भगवान के समाधि स्थल के दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
