बिजली टावर लगाए जाने के मुआवजे की मांग को लेकर गांव वेदवाला में तीन किसान जलघर की पानी की टंकी पर चढ़ गए। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांग पर तत्काल सुनवाई की मांग की। प्रदर्शन में एक दिव्यांग युवक भी शामिल है, जो पानी की टंकी पर चढ़ा है। किसानों का कहना है कि बिजली टावर लगाने के कारण उनकी जमीन प्रभावित हुई है, लेकिन लंबे समय से उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा।

किसान नेता व किसान भूपेंद्र सिंह वेदवाला ने बताया कि वे अपनी मांग को लेकर कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं। उन्होंने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना देकर भी समस्या के समाधान की मांग उठाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर किसानों ने गांव के जलघर में प्रदर्शन शुरू किया और पानी की टंकी पर चढ़ गए।

किसानों के अनुसार, इससे पहले भी उन्होंने बिजली टावर पर चढ़कर अपनी नाराजगी जताई थी, लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसानों ने कहा कि वे लगातार अपनी मांग प्रशासन के समक्ष रखते आ रहे हैं, मगर उन्हें केवल आश्वासन मिल रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बिजली टावरों से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए और मामले का जल्द समाधान किया जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!