हरियाणा के भिवानी निवासी पूर्व सांसद चौधरी जंगबीर सिंह का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे। परिवार के मुताबिक, वे अक्टूबर महीने से लगातार बीमार चल रहे थे। इस दौरान इनके बड़े बेटे कमल प्रधान और छोटे बेटे हरिकेश लगातार उनकी देखभाल में लगे थे। शुक्रवार को उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली।
जंगबीर सिंह का जन्म तोशाम हल्के के खरकड़ी (माखवान) गांव में एक मार्च 1941 को हुआ था। उन्होंने एमए और एलएलबी तक पढ़ाई की और फौज में भर्ती हुए। राज राइफल में रहते उन्होंने 1962 और 1965 की चीन और पाकिस्तान से हुई लड़ाई में दुश्मनों के छक्के छुड़ाए थे।
सेना से सेवा निवृत्त होने के बाद उन्होंने जनसेवा का मार्ग चुना और राजनीति में सक्रिय हो गए। उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। आपातकाल के दौरान 1975 से 77 तक दो साल हिसार जेल में रहे।

