धनबाद में शुक्रवार को महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा के नीचे प्रदर्शन कर रहे BJP के कार्यकर्ताओं ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी और उसे थूक भी चटवाया। युवक ने PM मोदी के बारे में अपशब्द कहे थे। इससे नाराज कार्यकर्ता युवक की तब तक पिटाई करते रहे, जब तक उसने भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद… और जय श्री राम… का नारा नहीं लगाया। इस दौरान गांधी चौक पर तैनात पुलिस आराम से तमाशा देखती रही। किसी ने भी युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
.@dc_dhanbad कृपया उक्त मामले की जाँच कर दोषियों पर सख्त कार्यवाई करते हुए सूचित करें।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) January 7, 2022
अमन चैन से रहने वाले झारखण्डवासियों के इस राज्य में वैमनस्य की कोई जगह नहीं है।@dhanbadpolice @JharkhandPolice https://t.co/XXZFcu9mNo
CM हेमंत सोरेन ने इस मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने धनबाद DC और झारखंड पुलिस को मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा है कि अमन चैन से रहने वाले झारखंडवासियों के इस राज्य में नफरत के लिए कोई जगह नहीं है।
शहर के कंबाइंड बिल्डिंग गांधी चौक पर PM नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के दौरान की गई सुरक्षा चूक के खिलाफ BJP का एक दिवसीय मौन-धरना कार्यक्रम आयोजित हो रहा था। इसमें सांसद, विधायक और जिले के कई पदाधिकारी शिरकत कर रहे थे। इस दौरान एक युवक वहां पहुंचा और BJP के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, PM मोदी समेत एक समुदाय के बारे में अपशब्द बोलने लगा। इससे BJP के कार्यकर्ता भड़क उठे और दौड़ा-दौड़ा कर उस युवक की पिटाई की।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक को पिटाई से बचाने का प्रयास किया, लेकिन BJP के कार्यकर्ता मानने को तैयार नहीं थे। कार्यकर्ताओं ने उससे जय श्रीराम और भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगवाए। थूक चटवाया। इसके बाद युवक ने उपस्थित लोगों से माफी मांगी और फिर वहां से चला गया।
