हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा 27 फरवरी से आयोजित की जाने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी जो 28 मार्च तक चलेंगी। इन परीक्षाओं के सुचारु ढंग, निष्पक्ष व नकल रहित करवाने के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रोहतक के DC यशपाल ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के निकट भीड़भाड़ को रोकने और नकल पर अंकुश लगाने के लिए सभी केंद्रों के आसपास धारा-144 लागू की गई है। वहीं मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा स्कूलों की चारदीवारी और क्लास रूम की खिड़कियों की मरम्मत का कार्य सुनिश्चित करें। साथ ही परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के बैठने के लिए फर्नीचर की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। नकल पर अंकुश लगाने के लिए उड़न दस्ते भी परीक्षा केंद्रों की चेकिंग करेंगे।
DC यशपाल ने कहा कि शिक्षा बोर्ड भिवानी में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसके माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। एडीसी महेंद्रपाल ने धारा 144 के तहत परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में 5 या अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने, हथियार जैसे तलवार, गंडासा, लाठी, बरछा, कुल्हाड़ी, जैली, चाकू व अन्य हथियार लेकर चलने पर पाबंदी लगाई।
परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में स्थित फोटोस्टेट आदि दुकानें भी 27 फरवरी से 28 मार्च तक परीक्षा अवधि के दौरान बंद रहेगी। यह आदेश पुलिस व ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर लागू नहीं होंगे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 27 फरवरी से 28 मार्च तक सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/ मुक्त विद्यालय) वार्षिक परीक्षाएं तथा डीएल एड रि-अपीयर परीक्षा आयोजित की जा रही है।
