चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा गेट पर कांग्रेस विधायकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुए विवाद ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस ने अपने विधायकों के साथ कथित दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया है। इसी मुद्दे को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने वाले हैं।
दरअसल, मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर और तख्तियां लेकर विधानसभा की ओर पहुंचे थे। प्रवेश द्वार पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तख्तियों के साथ अंदर जाने से रोका। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनी। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। बाद में विधायकों को तख्तियों के बिना अंदर जाने दिया गया।
मामला विधानसभा के अंदर भी जमकर गूंजा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे पर विरोध जताया, जिसके चलते सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई और कार्यवाही भी बाधित हुई।
वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। मुख्यमंत्री का कहना है कि विपक्ष के किसी भी सदस्य को सदन में आने से नहीं रोका गया और न ही किसी का अपमान किया गया। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज देखकर स्थिति स्पष्ट करने की बात भी कही।
अब कांग्रेस इस विवाद को राजभवन तक ले जा रही है। हुड्डा के नेतृत्व में विधायक राज्यपाल के सामने अपना पक्ष रखेंगे और ज्ञापन सौंपेंगे। ऐसे में विधानसभा के अंदर शुरू हुआ यह विवाद अब हरियाणा की सियासत का बड़ा मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है।
