हरियाणा के करनाल में केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (CSSRI) के स्टाफ क्वार्टर में रहने वाली एक महिला पर हमला और लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप स्कूल वैन ड्राइवर पर है, जिसने घर में घुसकर महिला का गला दबाया और सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पीड़ित महिला वैज्ञानिक डॉ. अमरेश चौधरी की मां सुमन बताई जा रही हैं। डॉ. अमरेश ने बताया कि उनकी पत्नी बैंक में मैनेजर हैं और उनका छोटा बेटा स्कूल जाता है, जिसे आरोपी ड्राइवर कृष्णकांत वैन से स्कूल लेकर जाता था।

बच्चे की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर पहुंचा

जानकारी के अनुसार, 8 मई को सुबह करीब 11 बजे आरोपी कृष्णकांत घर पहुंचा और महिला से कहा कि उनके पोते ने स्कूल में उल्टी कर दी है, इसलिए कपड़े देने होंगे। इसके बाद वह वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर घर के अंदर घुस गया।

परिजनों के मुताबिक, वॉशरूम से बाहर आते ही आरोपी ने महिला पर हमला कर दिया। उसने महिला का गला दबाया और सोने की चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को बेड पर गिराकर थप्पड़ मारे और मुंह पर रुमाल रखकर बेहोश करने का प्रयास किया।

वीडियो में दिखी मारपीट

घटना से जुड़ा करीब ढाई मिनट का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में आरोपी महिला का पीछा करते हुए कमरे तक पहुंचता दिखाई देता है। इसके बाद वह महिला को बेड पर गिराकर मारपीट करता है और गले से चेन निकालने की कोशिश करता नजर आता है।

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को घर से निकलते ही पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सिर और गले में आई चोटें

परिजनों के अनुसार, हमले में महिला के सिर और गले पर चोटें आई हैं। आरोपी ने महिला को फर्श पर गिराकर भी प्रताड़ित किया।

हरियाणा पुलिस के रामनगर थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!