हरियाणा के करनाल में आज सोमवार को स्कूल बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। जिसमें 13 छात्र घायल हो गए। हादसा निसिंग में बस्तली गुनियाना रोड पर हुआ। सूचना पाकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटना के दौरान बस में करीब 40 बच्चे सवार थे।

3 बच्चों की हालत नाजुक बताई गई है। घायलों की पहचान ब्रास गांव के रहने वाले लक्की (12), आयुष (9) और निहाल (11) के रूप में हुई है। इनका निसिंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्‌टी दे दी गई है। बस के कंडक्टर अनमोल को हाथ में फ्रैक्चर आया है।

ग्रामीण राधे श्याम के मुताबिक रॉयल पब्लिक स्कूल की बस सुबह बच्चों को लेकर गुनियाना की तरफ जा रही थी। बस के सामने अचानक एक व्यक्ति आ गया। उस दौरान बस की रफ्तार काफी तेज थी। ड्राइवर ने बस को कंट्रोल करने की काफी कोशिश की। सड़क पर मिट्‌टी और फिसलन थी। ड्राइवर ने जैसे ही ब्रेक लगाए तो बस फिसल गई और खेतों में जाकर पलट गई।

इसके बाद बस में बैठे बच्चों में चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण दौड़े-दौड़े आए और बस के अंदर दर्द से चीख रहे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत निसिंग अस्पताल ले जाया गया। 3 बच्चों की हालत गंभीर थी। बाकी 10 बच्चों को डॉक्टरों ने जांच के बाद छुट्‌टी दे दी। हादसे की सूचना के बाद बच्चों के पेरेंट्स अस्पताल में पहुंच गए। उन्होंने बस के ड्राइवर पर लापरवाही से बच चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ड्राइवर की तेज स्पीड से बस चलाने और असावधानी बरतने के कारण ही यह हादसा हुआ है।

निसिंग थाना के SHO जगदीश कुमार के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जाएगा कि यह हादसा कैसे हुआ।

रॉयल पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल सतपाल सिंह से मिली जानकारी के अनुसार सड़क पर अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया था। जिसकी वजह से हादसा हुआ। परिजन ड्राइवर पर लापरवाही के आरोप लगा रहे है। ड्राइवर से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जाएगी। बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। ड्राइवर के खिलाफ जो भी कार्रवाई होगी, वह अमल में लाई जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!