रोहतक की राम गोपाल कॉलोनी में उतर प्रदेश के व्यक्ति की हत्या के मामला सुलझ गया है। मृतक की पत्नी ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। वारदात से पहले महिला के साथियों ने मृतक के साथ शराब पी और बाद में मौत के घाट उतार दिया।

इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा दिया और अन्य दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

प्रभारी सीआईए-1 स्टाफ उपनिरीक्षक अनेश कुमार ने बताया कि 6 फरवरी को मुस्तफाबाद जरेठा जिला बदायूं उतर प्रदेश हाल किराएदार रामगोपाल कॉलोनी निवासी ज्योति पत्नी मनोज ने थाना अर्बन एस्टेट में शिकायत दी थी, कि 4 फरवरी को उसका पति मनोज सुबह करीब 9:30 बजे घर से बाहर गया था, जो अब तक घर वापस नहीं आया। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

13 फरवरी को मनोज की लाश नई अनाज मंडी व मीट मार्केट के पीछे खाली पड़ी सुनसान जगह पर मिली। लाश का पोस्टमार्टम करवाया गया। जिसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी गई। पुलिस अधीक्षक रोहतक उदय सिंह मीना के दिशा-निर्देशों अनुसार मामले की जांच सीआईए स्टाफ-1 को सौंपी।

एएसआई विनोद दलाल के नेतृत्व में सीआईए-1 स्टाफ की टीम ने छापेमारी करते हुए आरोपी महिला ज्योति , विनोद पुत्र सुकपाल निवासी सैनी नांगल मुस्तफाबाद जरेठा उत्तर प्रदेश को मुस्तफाबाद और गगनदीप पुत्र जितेन्द्र निवासी गढी मोहल्ला रोहतक को गिरफ्तार किया। हत्या की वारदात में शामिल चौथे आरोपी सोनू ने 8 जुलाई को आत्महत्या कर ली है। सोनू एमडीयू में सफाई कर्मी की नौकरी करता था। गिरफ्तार आरोपियों से 2 मोबाइल फोन बरामद हुए।

पुलिस जांच में सामने आया कि मनोज की शादी करीब 4 साल पहले ज्योति के साथ हुई। मनोज अपनी पत्नी के साथ रामगोपाल कॉलोनी में किराए पर रहता था। आरोपी विनोद और मनोज एक ही गांव के हैं। गांव में घर भी आसपास है। जिस कारण विनोद का मनोज के घर आना जाना था। विनोद की दोस्ती मनोज की पत्नी ज्योति के साथ हो गई। ज्योति व आरोपी विनोद के बारे में मनोज को पता चल गया। मनोज इस बात को लेकर ज्योति को परेशान करने लगा। विनोद व ज्योति ने मिलकर मनोज की हत्या करने की योजना बनाई। आरोपी विनोद ने अपने साथी सोनू पुत्र कृष्ण व गगनदीप पुत्र जितेन्द्र को 25 हजार रुपए देने का वादा कर अपनी योजना में शामिल कर लिया।

4 फरवरी को ज्योति ने विनोद को फोन कर बताया कि मनोज शीला बाईपास राधा नर्सरी में गया हुआ है। आरोपी विनोद अपने साथी गगनदीप को मोटरसाइकिल पर बैठाकर शीला बाईपास आ गया। विनोद व उसके साथी ने मनोज को शराब पिलाने के बहाने से मोटरसाइकिल पर अपने साथ बैठा लिया। इसके बाद शराब खरीदकर अनाज मंडी मार्केट के पास सुनसान जगह पर चले गए।

आरोपी विनोद का तीसरा साथी सोनू वहां पर पहले से ही मौजूद था। वहां पर बैठाकर मनोज को शराब पिलाई और फिर आरोपी विनोद व सोनू ने मनोज के गले में मौजूद मफलर से उसका गला घोंट दिया। गगनदीप ने चाकू से मनोज की गर्दन पर वार किया। इसके बाद मनोज की लाश को वहीं गड्‌ढे में डालकर उसके पास मौजूद कागज, मोबाइल फोन व रुपए लेकर तीनों मौके से फरार हो गए थे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!