रोहतक के सुनारिया चौक स्थित बाल्टी फक्ट्री के पास सोमवार देर रात को कार में सवार होकर आए 4 बदमाशों ने जिम संचालक व उनके भाई और मामा पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिसमें एक की मौत हो गई, वहीं उसका भाई व मामा घायल हो गए। वारदात का कारण करीब चार दिन पहले हुआ विवाद सामने आया है। जहां आरोपी ने चार दिन पहले हुए विवाद में जान से मारने की धमकी दी थी।
मृतक की पहचान न्यू राम नगर कॉलोनी निवासी करीब 26 वर्षीय सुखवेंद्र के रूप में हुई है। आपको बता दें मृतक शादी शुदा था तथा जल्द ही पिता बनने वाला था पर किसे पता था कि भगवान को कुछ और ही मंजूर होगा। वहीं उसका भाई रविंद्र व मामा बलवान को भी गोलियां लगी हैं। गोली लगने के कारण तीनों मामा-भांजों को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने जिम संचालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
वहीं हत्याकांड में दो नामजद सहित चार पर एफआइआर दर्ज की गई है। फायरिंग करने वालों में वंश व अजय कमांडो शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है। ताकि आरोपियों की तलाश की जा सके।
पुलिस जांच के अनुसार सुखवेंद्र व रविंद्र ने अशोका चौक पर जिम की हुई है। सोमवार रात को काम खत्म करने के बाद दोनों भाई अपने मामा बलवान के साथ कार में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सुनारिया चौक से आगे बाल्टी फैक्ट्री के पास पहुंचे तो एक गाड़ी आई। जिसमें चार लोग सवार थे। इन्होंने कार के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी और उसे रुकवा लिया।
कार रुकते ही बदमाश अपनी गाड़ी में से उतरे और फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से तीनों (सुखवेंद्र, रविंद्र व बलवान) गंभीर घायल हो गए। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इधर, घायलों को उपचार के लिए पीजीआई में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने सुखवेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जिन आरोपियों ने फायरिंग की है, उनका मृतक व उसके भाई के साथ दो-तीन दिन पहले झगड़ा हुआ था। उस झगड़े में आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद मौका पाकर सोमवार देर रात को इस वारदात को अंजाम दे दिया और फरार हो गए।
शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाना के जांच अधिकारी अश्वनी ने बताया कि सोमवार देर रात को चार बदमाशों ने गोली मारकर सुखवेंद्र की हत्या कर दी। वहीं उसका भाई रविंद्र व बलवान गंभीर घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर ही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
