रोहतक। रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे ने दिल्ली मंडल में परिचालन कार्यों के चलते 3 अगस्त से कुछ दिनों के लिए कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया है। इस दौरान कुछ ट्रेनें गाजियाबाद के बजाय नई दिल्ली होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी, जबकि कुछ स्टेशनों पर उनका ठहराव भी नहीं होगा।
रेलवे के अनुसार कालिंदी एक्सप्रेस (14117) का मार्ग 5, 6 और 7 अगस्त को परिवर्तित रहेगा। यह ट्रेन गाजियाबाद की बजाय नई दिल्ली होकर दिल्ली किशनगंज जाएगी। इस दौरान ट्रेन का दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
इसी प्रकार बल्लभगढ़–बठिंडा एक्सप्रेस (15733) 3 और 6 अगस्त, जबकि बल्लभगढ़–बठिंडा एक्सप्रेस (15743) 5 अगस्त को गाजियाबाद–नई दिल्ली–सब्जी मंडी मार्ग से संचालित की जाएगी। इन दोनों ट्रेनों का दिल्ली शाहदरा और दिल्ली स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा।
वहीं दिल्ली–धामपुर ईएमयू (64152) 6, 7 और 8 अगस्त को दिल्ली कैंट–आदर्श नगर दिल्ली–नई दिल्ली मार्ग से चलाई जाएगी। इसके अलावा दिल्ली–फिरोजपुर ईएमयू (64101) भी 6, 7 और 8 अगस्त को गाजियाबाद–साहिबाबाद के बजाय नई दिल्ली होकर संचालित होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का रूट, समय और स्टॉपेज अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह बदलाव केवल निर्धारित तिथियों के लिए लागू रहेगा।

