हरियाणा के रोहतक जिले के गांव मदीना में रोडवेज कर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव स्थित शहीदी पार्क में एक पेड़ पर बुधवार सुबह रोडवेज कर्मी का शव एक फंदे से लटका देखा तो ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से उतरवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कर्मी के परिजनों से पूछताछ कर पुलिस जांच कर रही है।
गांव मदीना के रहने वाले मृतक रोडवेज कर्मी रोहताश की उम्र करीब 55 साल थी। परिजनों का कहना है कि मंगलवार के उनके हाव-भाव को देखकर बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कदम उठाएंगे। बुधवार सुबह गांव के लोग जब पार्क में टहलने के लिए आए तो एक पेड़ से शव को लटका देखा। नजदीक आकर देखा तो पता चला की गांव के रोहताश सिंह ने आत्महत्या कर ली है। ग्रामीणों ने ही परिजनों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर आए परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अभी तक तो यह मामला मानिसक तनाव में आत्महत्या का लग रहा है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
मामले में थाना पुलिस का कहना कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। परिजनों से पूछताछ की गई है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। शिकायत व पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
