हरियाणा के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस (पीजीआईएमएस) रोहतक में कोरोना थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां अब तक 658 कोरोना पॉजिटिव केस आ चुके हैं, जो जिले के कुल एक्टिव केस 1300 के आधे के बराबर हैं। इस वक्त जिले का हर दूसरा पॉजिटिव मरीज पीजीआईएमएस में है। 658 में से 236 डॉक्टर पॉजिटिव हैं। यह संख्या यहां कुल डॉक्टरों की संख्या की आधी है।
पीजीआई से शनिवार को 29 नए कोरोना केस मिले, जिसमें 8 डॉक्टर शामिल हैं। 6 जनवरी को यहां पहली बार 12 डॉक्टर एक साथ कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद केसों के बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ था। इसके अगले ही दिन 7 जनवरी को 25 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। इसके बाद यहां रोजाना 30 से 40 नए केस मिलते रहे। कई दिन तो यह आंकड़ा एक ही दिन में 50 से ऊपर पहुंचा।
कोरोना केसों की संख्या बढ़ने के बाद पीजीआई में हॉस्टलों को बंद कर दिया गया था। कई ओपीडी भी बंद कर दी गई थीं, लेकिन इन माहौल के बीच इंटर्न छात्रों को भी डॉक्टरों के साथ ड्यूटी करनी पड़ रही है। ऐसे में इंटर्न भी लगातार कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। शनिवार को ही यहां 5 इंटर्न पॉजिटिव मिले हैं।
