नगर निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने बताया कि मुख्य निगम कार्यालय एंव नागरिक सुविधा केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर उपलब्ध विभिन्न नागरिक सेवाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य निष्पादन की गति, शिकायत निवारण प्रणाली एवं आमजन को दी जा रही सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिक सुविधा केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान निश्चित समयावधि एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टोकन सिस्टम के माध्यम से कार्य किया जाये ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो व व्यवस्थित ढंग से कार्य हो सके। निगम आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने कहा कि निरीक्षण के दौरान उपस्थित नागरिको की समस्याओ को गौर से सुना व जिस दौरान एक वृद्व महिला की समस्या की सुनवाई करते हुए क्षेत्रीय कराधान अधिकारी को कार्य करवाने के निर्देश दिए गए कि तुरंत इनका कार्य करवाये व यदि कोई दस्तावेज लंबित है तो स्वयं किसी कर्मचारी को भेजकर मंगवाया जाये। मौके पर संबंधित अधिकारियो व कर्मचारियो को निर्देशित किया कि नागरिक सुविधा केंद्र में उपस्थित नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सुने और प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधा केंद्र आमजन और निगम के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए यहां कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा, ताकि नागरिकों को सुगम एवं संतोषजनक सेवाएं मिल सकें।
