रोहतक में 4.88 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने ऑर्डर किया गया सामान वापस भेजने के लिए अमेजन का टोल फ्री नंबर गूगल पर सर्ज किया था। ठंगों ने साइट पर फर्जी नंबर डाला हुआ था। जिसके बाद उसे बातों में फंसाकर धोखाधड़ी कर ली।
MDU कैंपस निवासी जसबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 जनवरी को उसने अमेजन से सामान वापस भेजने के लिए नंबर सर्च किया। एक नंबर मिला और उस पर कॉल किया तो कोई जवाब नहीं मिला। फिर 12 जनवरी को फिर से नंबर सर्च किया और दूसरा मोबाइल नंबर मिला।
उन्होंने गूगल पर मिले मोबाइल नंबर पर कॉल की तो सामने वाले ने खुद को अमेजन का अधिकारी बताया। उसने कहा कि भुगतान तैयार है, आप मोबाइल में क्विक सपोर्ट ऐप डाउनलोड कर लें। उसके कहे अनुसार क्विक स्पोर्ट एप डाउनलोड कर लिया और सामने वाले के कहे अनुसार ऐप खोलकर तीन बार अनुमति को ओके किया।
इसके बाद आरोपियों ने एक नंबर डायल करने के लिए कहा, जिसके बाद पीड़ित ने वह नंबर डायल कर दिया। साथ ही आरोपियों ने पीएनबी बैंक के डेबिट कार्ड का नंबर, खाता संख्या संबंधित जानकारी भी मांगी। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक की जानकारी भी आरोपियों ने उसे अपनी बातों में उलझाकर ले ली।
खातों की जानकारी लेने के बाद PNB बैंक से 50 हजार, 25 हजार, 25 हजार व एक लाख रुपए कट गए। कुल 2 लाख रुपए कटे। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक से 2 लाख 88 हजार 888 रुपए कट गए। उसके साथ कुल 4 लाख 88 हजार 888 रुपए की धोखाधड़ी की गई। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी।
