रोहतक के बजरंग भवन फाटक के पास एक होटल में विवाहिता की हत्या के मामले में आरोपी नीरज की भी मौत हो गई। नीरज ने 26 अगस्त को कथित तौर पर फांसी लगाने की कोशिश की थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात PGI के वार्ड-10 में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

गांव खेड़ी साध निवासी रूबी का शव 26 अगस्त को बजरंग भवन फाटक के पास स्थित एक होटल के कमरे में बेड पर पड़ा मिला था। बताया गया कि रूबी अपने परिचित नीरज के साथ होटल आई थी। पुलिस के अनुसार, नीरज पर रूबी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है।

आरोप है कि रूबी की हत्या के बाद नीरज होटल से निकलकर अपने घर गया और वहां उसने फांसी लगाने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पहले उसका इलाज निजी अस्पताल में हुआ और बाद में उसे PGI रेफर किया गया।

नीरज के परिवार ने दावा किया है कि उसके पास से एक कथित सुसाइड नोट मिला है। परिवार के मुताबिक, नोट में करीब 45 लाख रुपए के लेन-देन का जिक्र है और आर्थिक लेन-देन को लेकर तनाव की बात कही गई है।

हालांकि, कथित सुसाइड नोट में रूबी की हत्या के संबंध में कोई जानकारी नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस नोट की सत्यता और इसके सामने आने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

पुलिस के सामने यह भी सवाल है कि 26 अगस्त को फांसी लगाने के बाद से नीरज अस्पताल में भर्ती था, लेकिन कथित सुसाइड नोट उसकी मौत के बाद सामने आने का दावा किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, नीरज करीब दो दिन निजी अस्पताल और इसके बाद तीन दिन PGI में भर्ती रहा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित सुसाइड नोट कब और कहां मिला तथा यह वास्तविक है या नहीं।

परिजनों का कहना है कि नीरज ब्रेन डेड हो चुका था और इसी स्थिति में उसे निजी अस्पताल से PGI लाया गया था। PGI में डॉक्टरों द्वारा ब्रेन डेड घोषित करने की प्रक्रिया की जा रही थी, इसी दौरान उसकी मौत हो गई। अब पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम करवाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सिविल लाइन थाना पुलिस के अनुसार, होटल के कमरे में विवाहिता का शव मिलने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपी नीरज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। सिविल लाइन थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी नीरज की भी मौत हो गई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस होटल हत्याकांड, कथित सुसाइड नोट और नीरज की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!