रोहतक जिले में नगर निगम चुनाव के दौरान बुधवार को दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापसी का दिन रहा। इस दौरान निगम के 22 वार्डों में नामांकन भरने वाले 150 उम्मीदवारों में से 31 निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया। वहीं मेयर पद के पांचों उम्मीदवार मैदान में है।
नगर निगम चुनाव अधिकारी मेजर गायत्री अहलावत ने बताया कि दोपहर 3 बजे तक 31 लोगों ने अपना पार्षद पद का नामांकन वापस लिया है। इसके बाद जिन पार्टियों के पास चुनाव चिह्न हैं, उन्हें आवंटित कर दिए गए। जबकि अन्य उम्मीदवारों को भी चुनाव चिह्न दे दिए गए हैं। नामांकन वापसी के बाद चुनाव मैदान में 115 उम्मीदवार बचे हुए हैं।
नगर निगम के वार्ड 1 से तीन, वार्ड 2 से दो, वार्ड 3 से दो, वार्ड 5 से एक, वार्ड 6 से एक, वार्ड 7 से एक, वार्ड 8 से दो, वार्ड 9 से एक, वार्ड 10 से एक, वार्ड 11 से दो, वार्ड 12 से तीन, वार्ड 13 से दो, वार्ड 17 से तीन, वार्ड 18 से तीन, वार्ड 19 से एक, वार्ड 20 से दो, वार्ड 21 से तीन, वार्ड 22 से दो लोगों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।

निकाय चुनाव में नामांकन वापसी के बाद वार्ड 4, 10, 14, 15, 16 व 17 में उम्मीदवारों के बीच आमने-सामने की टक्कर होगी, क्योंकि इन वार्डों में मात्र दो ही उम्मीदवार मैदान में है। वहीं, वार्ड 9 व 10 से कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा है।
नगर निगम चुनाव के लिए 2 मार्च को मतदान होगा, जिसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। 2 मार्च को होने वाले मतदान के लिए निगम क्षेत्र में 285 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें प्रति बूथ मतदाताओं की औसत संख्या 1120 है। लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है।
चुनाव अधिकारी मेजर गायत्री अहलावत ने बताया कि निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी के लिए खर्च सीमा 30 लाख रुपए तय की गई है। जबकि पार्षद पद के प्रत्याशी के लिए खर्च सीमा 7.50 लाख रुपए तय की गई है। प्रत्याशी को चुनाव के दौरान किए गए खर्च का पूरा ब्योरा चुनाव के बाद प्रशासन को देना होगा।
