रोहतक के सांपला थाना एरिया में एनएच-9 पर बने नाले में दुष्कर्म व हत्या के बाद फेंके महिला के शव मामले में पुलिस के सामने मृतका की पहचान करना चुनौती बना हुआ है। पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए जिले के सभी थानों के अलावा सोनीपत, झज्जर और बहादुरगढ़ एरिया के थानों व गांवों में भी अलर्ट भेजा है। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार शायद महिला अपने किसी न किसी परिचित के साथ यहां पर आई है। वहीं जिस प्रकार हत्या की गई है उसे देखकर लग रहा है कि एक से ज्यादा लोगों के शामिल होने का अनुमान है। ऐसे में महिला के साथ गैंगरेप की आशंका भी बन रही है।
गांव इस्माईला 11बी निवासी टीनु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वीरवार को सांपला से अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान सापंला-कुलताना चौक से आगे रोहतक की तरफ पुल का काम चल रहा है। जहां उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी और बाथरूम के लिए चला गया। वहां नाले के अन्दर से बदबू आ रही थी। नाले में झुककर देखा तो एक महिला मृत अवस्था मे खून से सनी पड़ी थी। महिला के गले पर कटे हुए का निशान था व शरीर गली-सड़ी अवस्था में था। महिला के पास खून से सने चाकू भी पड़े थे। अज्ञात महिला की चाकू से गला रेंतकर हत्या की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। इधर, घटना का पता लगते ही एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। जहां मौके पर आसपास स्मैक पीने के दौरान इस्तेमाल चीजें भी मिली हैं।
