फतेहाबाद रोडवेज परिचालक से मारपीट के मामले का भी समाधान नहीं हुआ। इसके चलते अब रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल को आगे बढ़ा दिया है। रोडवेज सांझा कमेटी के द्वारा बीते दिन बुधवार को फतेहाबाद बस स्टैंड पर पहुंचकर रोडवेज कर्मचारियों से मीटिंग की गई और उसके बाद ऐलान किया गया कि आज फतेहाबाद, सिरसा और हिसार रोडवेज की बसें नहीं चलेगी और हड़ताल रहेगी। अगर फिर भी परिचालक से मारपीट करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो शुक्रवार-शनिवार पूरे हरियाणा में रोडवेज की बसों का चक्का जाम रहेगा।
रोडवेज कर्मचारी नेता जगदीप लाठर और राजू बिश्नोई ने बताया कि परिचालक से मारपीट को लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। जिसके चलते फतेहाबाद रोडवेज डिपो के कर्मचारी हड़ताल पर हैं और बुधवार को भी पूरे प्रदेश में रोडवेज कर्मचारियों द्वारा जिला स्तर पर 2 घंटे का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक रोडवेज कर्मचारियों का संघर्ष जारी रहेगा।
मामला?
हिसार के गांव पाबड़ा का रहने वाला कृष्ण कुमार कुंडू फतेहाबाद डिपो में कंडक्टर के पद पर कार्यरत है। कुंडू के मुताबिक उनकी बस हरिद्वार से फतेहाबाद आ रही थी। हिसार बस अड्डे से एक युवक और 2 युवतियां बस में सवार हुए। बाइपास पहुंचने पर युवक ने अपना और युवतियों का टिकट लेने से इनकार कर दिया।
इस दौरान कंडक्टर और युवक की बहस हुई। इसके बाद हिसार बस अड्डे से करीब 7 किलोमीटर दूर ढंढूर गांव के पास तीनों को उतार दिया। इस दौरान एक युवती ने फोन कर अपने जानकारों को अग्रोहा बुला लिया। कंडक्टर का आरोप है कि युवती ने फोन पर उसे सबक सिखाने की बात कही।
इसके बाद जब बस अग्रोहा चौक पहुंची तो वहां पहले से ही 10-15 युवक लाठी-डंडों और लोहे की रॉड के साथ मौजूद थे। बस के रुकते ही उन्होंने कंडक्टर पर हमला कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। हमले में बस के शीशे टूट गए और कंडक्टर की वर्दी फाड़ दी।
ड्राइवर बस को सीधे अग्रोहा थाना ले जाया गया, जहां से कंडक्टर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहाबाद रोडवेज महासंघ के प्रधान राजू बिश्नोई, सर्व कर्मचारी संघ के प्रधान वीरेंद्र भाकर कुलेरी, हनुमान वर्मा सहित कई पदाधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल कर्मचारी का हाल जाना। महासंघ पदाधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी थी। मारपीट के विरोध में फतेहाबाद के रोडवेज कर्मियों ने मंगलवार से बसें बंद की हैं।
रोडवेज बसों का चक्का जाम होने के कारण सबसे अधिक ग्रामीण रूट प्रभावित हो रहे हैं। फतेहाबाद से भट्टू, चौपटा, आदमपुर और आसपास के गांवों में जाने के लिए यात्रियों के पास निजी वाहनों के अलावा कोई साधन नहीं है।
