हरियाणा के रोहतक के गांव सांघी में हुई राकेश की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान गांव सांघी निवासी विकास के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विकास ने अपने भाई साहिल की मौत का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। उसने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर राकेश का रस्सी से गला घोंटकर हत्या की थी। हत्या के बाद शव को नाली में फेंककर फरार हो गए।
सदर थाना प्रभारी मुरारी लाल ने बताया कि राकेश की हत्या मामले में पुलिस ने अभी एक आरोपी विकास को गिरफ्तार किया है। वहीं 2 आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। आरोपी विकास के भाई साहिल की 2022 की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार वालों ने हत्या का शक जताया। इसमें राकेश के खिलाफ शिकायत भी दी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि साहिल की मौत जोहड़ में डूबने से हुई थी।
उन्होंने बताया कि साहिल की मौत के बाद से ही विकास मन में राकेश के खिलाफ रंजिश रखे हुए था। वहीं मौके की तलाश में था। अब 1 फरवरी को राकेश खेत में जाने के लिए निकला। वहीं अपने दोस्तों के साथ पार्टी की। लेकिन राकेश के दोस्त पार्टी के बाद उसे छोड़कर घर चले गए। इसी दौरान विकास को भनक लग गई। जिसके बाद उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर राकेश का रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव नाले के पास फेंक दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।
