फेस्टिव सीजन में चौक-चौराहों और बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत शहर को 4 भागों में बांटकर अलग अलग टीमें लगाई जाएंगी। जो पहले दुकानदारों व कारोबारियों को समझाएगी। फिर भी बात नहीं बनी तो चालान के साथ ही अतिक्रमण कर रखे गए सामान जब्त करेगी। शनिवार से कार्रवाई शुरू होगी। सर्वाधिक फोकस भीड़ वाले संकरे बाजाराें यानी किला रोड, भिवानी स्टैंड, रेलवे रोड, शौरी मार्केट, झज्जर रोड, अप्राेच रोड, गोहाना अड्डा, मालगोदाम रोड, पुरानी अनाजमंडी जैसे मुख्य बाजारों पर रहेगा।
शुक्रवार को एलओ सुरेंद्र गोयल की अगुवाई में नगर निगम की टीम ने शहर के बाजारों की स्थितियों का जायजा लिया। इस दौरान गाेहाना अड्डा, शांतमई चौक, झज्जर रोड, किला रोड बाजार, भिवानी स्टैंड और रेलवे रोड आदि बाजारों में ट्रैफिक जाम व अतिक्रमण की पड़ताल की।
गाेहाना अड्डा ट्रेडर्स एसाेसिएशन के प्रधान कपिल नागपाल ने बताया कि शुक्रवार काे टीम के आने के बाद सभी व्यापारियाें ने निर्णय लिया कि गाेहाना अड्डा पर फुटपाथ के आगे 4 फुट की सफेद रंग की पट्टी शनिवार रात काे खींची जाएगी। इस पट्टी के बाहर जाे भी रेहड़ी लगाएगा या अतिक्रमण करेगा, उसका सामान निगम टीम जब्त कर लेगी। इस दाैरान दुकानदाराें को एक हद तक ही दुकान के आगे सामान रखने को कहा गया। यह भी बताया गया कि शनिवार से अतिक्रमण मिलने पर सामान जब्त करने के साथ ही चालान भी कटेगा।
