गुरुग्राम में शनिवार देर रात बदमाशों ने एक लग्जरी कार शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बाइक पर आए तीन हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में बाहर खड़ी रियल एस्टेट कंपनी के मालिक की लग्जरी कार को भी निशाना बनाया गया। इस दौरान कार में बैठा ड्राइवर छर्रे लगने से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया। फायरिंग में शोरूम में खड़ी कई लग्जरी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।
रियल एस्टेट कारोबारी की कार पर बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात हीरो होंडा चौक के पास बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे। आरोपियों ने बिग बॉय टॉयज शोरूम के बाहर खड़ी रियल एस्टेट कंपनी BPTP के मालिक की कार को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने कार पर कई गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली ड्राइवर राजपाल को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि घटना के समय कंपनी मालिक कार में मौजूद नहीं थे।
शोरूम को भी बनाया निशाना
कार पर फायरिंग के बाद बदमाशों ने शोरूम पर भी गोलियां चलाईं। गोली लगने से शोरूम के एंट्रेंस के शीशे चकनाचूर हो गए। दूसरी मंजिल पर खड़ी कई लग्जरी गाड़ियों के शीशे टूट गए और छत की सीलिंग में भी गोलियों के निशान मिले हैं।
भाऊ गैंग से जुड़ सकते हैं तार
पुलिस जांच में हिमांशु भाऊ गैंग का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि BPTP कंपनी के मालिक को अक्टूबर 2024 में भाऊ गैंग की ओर से धमकी मिली थी। उस समय गैंग ने कई करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी, जिसके बाद सेक्टर-37 थाने में मामला दर्ज किया गया था। हालांकि अभी तक इस फायरिंग की जिम्मेदारी किसी गैंग ने नहीं ली है।
तीन आरोपियों की पहचान
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों की पहचान झज्जर जिले के कुलासी गांव निवासी अतुल, दीपक और नीरज के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों का गठन कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह फायरिंग भाऊ गैंग के इशारे पर कराई गई है या नहीं। अक्टूबर 2024 में दर्ज फिरौती के मामले को भी जांच में शामिल किया गया है।
