हरियाणा के 10 जिलों में सुबह-सुबह बारिश हुई। इन जिलों में हिसार, अंबाला, फतेहाबाद, जींद, फरीदाबाद, सोनीपत, कैथल, रोहतक, झज्जर और कुरुक्षेत्र शामिल हैं। फतेहाबाद के टोहाना के राम नगर में सड़क पर भरे पानी के बीच बाइक बंद हो गई।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने सुबह साढ़े 10 बजे तक गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र में मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इन जिलों में आकाशीय बिजली के साथ तेज हवाएं (30-40 KMPH) चल सकती हैं।
प्रदेश में इस मानसून सीजन में 24 अगस्त तक औसतन 322 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 357 एमएम बारिश हो चुकी है। जो 11 प्रतिशत ज्यादा है। 8 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है तो बाकी जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा यमुनानगर में 866.3 एमएम बारिश दर्ज की गई है। सबसे कम कैथल में 175.2 एमएम बारिश हुई है
यमुनानगर, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, फरीदाबाद व गुरुग्राम में 75 से 100 प्रतिशत एरिया में भारी बारिश की संभावना है। पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, कैथल, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा में 50 से 75 प्रतिशत एरिया में बारिश की संभावना है।
