हरियाणा के कई जिलों में बुधवार देर रात और गुरुवार तड़के तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। फतेहाबाद के गांव खजूरी जाटी में बारिश के दौरान एक मकान पर बिजली गिर गई। इससे कमरे की छत ढह गई और मलबे में दबकर 58 साल की बुजुर्ग महिला नन्हीं देवी की मौत हो गई।

इसके अलावा जींद में भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री के मकान के सामने पानी भर गया। तेज हवा के कारण यहां लगाए बैरिकेड्स भी गिर गए। वहीं, SBI की मेन ब्रांच के गेट पर पेड़ उखड़कर गिर गया। सुबह ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारी भी अंदर नहीं जा पाए।

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU) ने आज गुरुवार को 17 जिलों में तेज बारिश का अनुमान जताया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़ , रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद, पलवल जिले शामिल है।

इससे पहले हरियाणा में बुधवार रात तक उमस के कारण बिजली डिमांड करीब 11,500 MW तक पहुंच गई। इसके बाद कई जिलों में दो से तीन घंटे के कट लगाने पड़े। हालांकि, आज मौसम बदलने से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बारिश से ठीक एक दिन पहले प्रदेश के औसतन अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई। हिसार का बालसमंद इलाका 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे हरियाणा में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और पलवल में भी दिन का पारा 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।

दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान की बात करें तो रात का औसत पारा 0.7 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। हालांकि, पंचकूला 21.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम पारा 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गुरुग्राम में रात का तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हरियाणा में इस मानसून सीजन (1 जून से 15 सितंबर) के दौरान बारिश का मिला-जुला और असमान पैटर्न देखने को मिला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आंकड़ों के अनुसार जींद और सिरसा जिले बारिश की भारी कमी यानी सूखे जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं।

इस सीजन में पलवल जिले में सबसे बेहतरीन मानसून रहा है, जहां सामान्य से 21% अधिक यानी 473.4 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। मानसून में सबसे कम बारिश जींद जिले में हुई है, जहां सामान्य से 60% कम (केवल 145.5 मिमी) बारिश हुई।

राज्य में दूसरे नंबर पर सबसे सूखा जिला सिरसा है, जहां सामान्य से 58% कम (महज 88.1 मिमी) बारिश हुई है। वहीं कैथल में 48%, रोहतक में 48%, कुरुक्षेत्र में 41%, करनाल में 41%, अंबाला में 40%, हिसार में 37% पानीपत में 36%, सोनीपत में 31% बारिश कम दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!