हरियाणा में मानसून की गतिविधियां अभी जारी रहेंगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ के अनुसार 7 सितंबर से 12 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर बना रहेगा। हालांकि 7 से 10 सितंबर के बीच केवल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 11 और 12 सितंबर को कई जिलों में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज सोमवार (7 सितंबर) से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम बदलेगा। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, 11 और 12 सितंबर को मानसून फिर सक्रिय होगा। इन दो दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। किसानों को भी कृषि कार्य मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार करने की हिदायत दी गई है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है।
