हरियाणा में आज 15 जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 19 सितंबर के बाद बारिश का दौर थम जाएगा और 20-21 सितंबर को सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा
हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल के अधिकांश इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं, जींद, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में बारिश हो रही है। बुधवार रात को इस क्षेत्र के गांव लेदा खादर में शिव मंदिर पर बिजली गिर गई। इससे मंदिर का गुंबद टूट गया।
शुक्रवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल जिले के अधिकतर इलाकों में बारिश की संभावना है। कैथल, जींद, पानीपत और सोनीपत, रोहतक, झज्जर में कुछ एरिया में बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा।
शनिवार को प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट नहीं है। सभी जिलों में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान की मानें तो रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा।
