हरियाणा में मंगलवार को अधिकतर जिलों में बारिश की संभावना है। सुबह पंचकूला, अंबाला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, सोनीपत और गुरुग्राम में बारिश हुई। जींद में बूंदाबांदी हुई
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
IMD के अनुसार, मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने मौसम सिस्टम की वजह से हरियाणा में 6 अगस्त तक प्रदेशभर में बारिश होने की संभावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून फिर से सक्रिय होने वाला है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने मौसम सिस्टम की वजह से हरियाणा में मानसूनी हवाएं तेज होंगी। इसके असर से 4 से 6 अगस्त के बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर अच्छी या तेज बारिश भी हो सकती है।
वहीं, 7 और 8 अगस्त को मौसम में कुछ बदलाव रहेगा। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। बादल बने रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट आएगी, जबकि रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है।

