हरियाणा में बुधवार को भी अधिकतर जिलों में मौसम खराब बना रहा। 👇आसमान में घने बादल छाए रहे। यमुनानगर और जींद में सुबह तेज बारिश हुई, जबकि पंचकूला में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं नारनौल और गुरुग्राम में रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ (IMD) ने आज जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला जिलों में बारिश और आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को हिसार, गुरुग्राम, करनाल, पानीपत, फरीदाबाद, पंचकूला, यमुनानगर और कैथल में रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई। देर रात रेवाड़ी में ओलावृष्टि भी हुई
अप्रैल माह में अब तक 4 दिन बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है। मंगलवार रात को भी लोगों ने ठंड का अहसास किया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण देखा जा रहा है।
अनुमान है कि 9 अप्रैल से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वहीं कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि अगले 1-2 दिन तक सिंचाई, कटाई और दवा छिड़काव जैसे कार्यों को टाल दें, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
राज्य में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसतन करीब 2.6°C की वृद्धि देखने को मिली, जिससे रातें पहले के मुकाबले कुछ कम ठंडी महसूस हुईं। हालांकि तापमान अब भी सामान्य के आसपास बना हुआ है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.9°C सिरसा में दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में यह 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। गुरुग्राम, हिसार और करनाल जैसे जिलों में भी रात का तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है।
अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछले दिन की तुलना में औसतन करीब 5.7°C की गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन के समय गर्मी से काफी राहत मिली। तापमान सामान्य से लगभग 8-9 डिग्री तक नीचे पहुंच गया।
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.3°C पलवल में दर्ज किया गया, जबकि कई जिलों में यह 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। रोहतक, हिसार और करनाल जैसे इलाकों में भी दिन का तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया।
