हरियाणा में मौसम तेजी से बदल रहा है। सुबह के समय अब अचानक ठंड और बढ़ गई है। सुबह के समय लोगों ने गर्म कपड़े पहनने भी शुरू कर दिए हैं। वहीं स्कूलों में भी विंटर यूनिफॉर्म पहनाने के मैसेज पेरेंट्स को कर दिए गए हैं। इस बीच गुरुग्राम की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के करीब रहा।

वहीं भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज रात से मौसम में फिर से बदलाव और 5 नवंबर को हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बाकी जगहों पर बादल छाए रहेंगे।

इससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हरियाणा की बात करें तो हिसार में रात्रि तापमान 13.9 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आज से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा जिससे दिन का तापमान गिरेगा। इससे लोगों को ठंड और महसूस होगी।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य में 4 नवंबर रात्रि से मौसम में हल्का बदलाव आने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में आंशिक बादलवाई और कुछ एक स्थानों पर गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है।

हरियाणा में 6 नवंबर से 9 नवंबर के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान फिर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने परंतु रात्रि तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है। हरियाणा में रात्रि तापमान 13 डिग्री तक पहुंच गया है।

वहीं मौसम में बदलाव के कारण रात्रि तापमान लगातार गिर रहा है। हरियाणा में गुरुग्राम सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं पंचकूला में तापमान 13.7 डिग्री दर्ज किया गया जो दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। गुरुग्राम, पंचकूला, हिसार, नारनौल, कैथल और पानीपत में तापमान 15 डिग्री से नीचे चला गया है।

इसके अलावा 5 शहरों में तापमान 16 डिग्री से नीचे चला गया है इसमें करनाल, महेंद्रगढ़, जींद, सोनीपत और फरीदाबाद शामिल हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!