हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले जवान अमरजीत नैन जम्मू-कश्मीर के पुंछ में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। आर्मी की ओर से सोमवार की दोपहर को परिवार को जानकारी दी गई कि अमरजीत सर्विस राइफल की सफाई कर रहे थे।
इसी दौरान गोली चल गई, जिसमें वे घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही कैंप में अफरा-तफरी मच गई और साथी जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। सैन्य कर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बेटे के शदीद होने की खबर मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार के मुताबिक, मूल रूप से गांव जाजनवाला के रहने वाले अमरजीत दस साल पहले आर्मी में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के पुंछ में थे। दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। उनकी 7 महीने की बेटी है।
अमरजीत का आज दोपहर 3 बजे पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव जाजनवाला से एक साल में यह दूसरी शहादत है। इससे पहले जवान प्रदीप नैन कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे।
गांव जाजनवाला का यह दूसरा जवान है, जिसने देश की रक्षा में प्राण न्योछावर किए हैं। इससे पहले 8 जुलाई 2024 को इसी गांव के जवान प्रदीप नैन कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए थे। अब अमरजीत नैन की शहादत से गांव एक बार फिर मातम में डूब गया है।
शहीद अमरजीत नैन के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, प्रशासनिक अधिकारी और सेना के जवान शामिल होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यहां के जवानों ने अपने साहस और समर्पण से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। हमें अपने वीर जवानों पर गर्व है।

